PM आवास योजना में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: राशि लेकर मकान नहीं बनाने वालों पर FIR और कुर्की की चेतावनी

0
30

उत्तर बस्तर कांकेर। CG DASTAK 

नगर पालिका परिषद कांकेर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत राशि प्राप्त करने के बावजूद मकान निर्माण शुरू नहीं करने या अधूरा छोड़ने वाले हितग्राहियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन मेरिया ने ऐसे हितग्राहियों को चेतावनी जारी करते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

राशि मिलने के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण

मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन मेरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कई हितग्राहियों को प्रथम और द्वितीय किस्त की राशि जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद कई लोगों ने अब तक मकान निर्माण शुरू नहीं किया है या निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया है।

सितंबर के बाद बंद हो जाएगा योजना का खाता

उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सितंबर माह के बाद किसी भी हितग्राही को योजना की अगली या अंतिम किस्त जारी नहीं की जाएगी। इसके बाद संबंधित योजना का खाता बंद कर दिया जाएगा।

धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो सकता है

नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण नहीं कराने वाले हितग्राहियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया जा सकता है। साथ ही राजस्व विभाग के माध्यम से दी गई राशि की वसूली की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भूमि और अन्य संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

जरूरतमंदों के लिए है योजना

मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। ऐसे में राशि प्राप्त करने के बाद निर्माण कार्य में लापरवाही करना योजना की भावना के विपरीत है।

उन्होंने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि सितंबर से पहले अपने आवास का निर्माण कार्य पूरा कर लें, क्योंकि इसके बाद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि जारी नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here