
महासमुंद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में मछली पकड़ने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तुमगांव थाना क्षेत्र के गोपालपुरा एनीकट में सोमवार दोपहर तेज पानी के बहाव में एक 21 वर्षीय युवक बह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मछली पकड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21 वर्ष), पिता दसरू निषाद, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुरा एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते बह गया।
बचाने का प्रयास रहा नाकाम
प्रत्यक्षदर्शी तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे रामेश्वर को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वह सफल नहीं हो सके।
रेस्क्यू टीम मौके पर, तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि नदी में पानी का बहाव अत्यधिक होने और सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू दल तत्काल पानी में नहीं उतर सका। युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
इसी वर्ष हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर पर था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।










