
जशपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान करंट लगने से होने वाले हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गाला का है, जहां खपड़ैल मकान की मरम्मत के दौरान एक व्यक्ति हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
मकान की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, व्यक्ति खपड़ैल मकान की छत की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह छत से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल पत्थलगांव सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
प्रदेश में लगातार हो रहे करंट से हादसे
बीते कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ में करंट लगने से कई दर्दनाक हादसे सामने आए हैं।
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में किचन के टीन शेड में करंट आने से 40 वर्षीय आशा देवी रजक की मौत हो गई।
रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो सोलर तकनीशियनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम भाड़म में खेत की घेराबंदी के दौरान करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच बिजली लाइनों के आसपास काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।










