Jagdalpur News: 1 करोड़ से अधिक का 214 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से यूपी जा रही थी खेप, एक तस्कर गिरफ्तार

0
23

जगदलपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। नगरनार थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई गांजे की खेप

पुलिस के अनुसार, नगरनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक वाहन उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।

इसी दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के भीतर छिपाकर रखा गया 214.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी विजय पाण्डेय को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से गांजा से भरी बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश भेजी जा रही थी खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here