GPM News: पेंड्रा रोड स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी के नीचे से निकल रहे अधेड़ की कटकर मौत

0
7

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया।

शॉर्टकट पड़ा भारी

प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, स्टेशन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान अधेड़ व्यक्ति ट्रैक पार करने के लिए मालगाड़ी के नीचे से निकलने लगा। तभी ट्रेन को सिग्नल मिल गया और वह आगे बढ़ गई। अचानक ट्रेन चलने से व्यक्ति संभल नहीं सका और पहियों की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव की नहीं हो सकी पहचान

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास से कोई मोबाइल, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

जीआरपी ने लोगों से की अपील

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है और घटना के समय उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। जीआरपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस हुलिये के किसी लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पेंड्रा रोड जीआरपी थाने से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा सके।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here