IC मार्ट में चोरी के आरोप के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

0
36

बैकुंठपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिजनों का आरोप है कि शहर के IC मार्ट में खरीदारी के दौरान छात्रा और उसकी बहन पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया। इसके बाद दोनों को कथित रूप से घंटों तक रोका गया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और जबरन लिखित कबूलनामा लिया गया। घटना से आहत छात्रा ने बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

₹20 हजार की मांग और स्कूटी जब्त करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के नाम पर मार्ट प्रबंधन ने 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर छात्रा की स्कूटी को कथित तौर पर गारंटी के रूप में अपने कब्जे में रख लिया गया। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में चली गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले में जांच शुरू, IC मार्ट सील

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने IC मार्ट को सील कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मानसिक प्रताड़ना, कथित अवैध वसूली तथा आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

मृतका के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here