
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर में संयुक्त संचालक शिक्षा के औचक निरीक्षण से हड़कंप; चकरभाठा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में 17 में सिर्फ 4 व्याख्याता मिले मौजूद, हरदी में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक प्रकाश तिवारी के औचक स्कूल निरीक्षण में कई स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति और व्यवस्थागत लापरवाही सामने आई है। निरीक्षण के दौरान चकरभाठा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में 17 व्याख्याताओं में से केवल 4 ही अध्यापन के लिए मौजूद मिले, जबकि अन्य कई शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। मामले में प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, नियमित अध्यापन, समय-सारणी और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की भी जांच की। कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
चकरभाठा में 17 में सिर्फ 4 व्याख्याता पहुंचे
संयुक्त संचालक शिक्षा प्रकाश तिवारी ने बिल्हा, चकरभाठा, हरदी और हिर्री क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया।
चकरभाठा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में निरीक्षण के दौरान कुल 17 व्याख्याताओं में से केवल 4 ही स्कूल में अध्यापन के लिए मौजूद मिले। निरीक्षण में प्राचार्य प्रदीप कुमार केरकेटा समेत 13 व्याख्याता अनुपस्थित पाए गए।
अधिकारियों ने यह भी पाया कि मौजूद व्याख्याताओं में से केवल 4 ने निर्धारित कालखंड के अनुसार अध्यापन कराया था। बाकी व्याख्याताओं ने उस दिन एक भी कालखंड नहीं लिया था।

पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध होने के बावजूद अध्यापन व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया। सभी व्याख्याताओं को समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से अध्यापन करने के निर्देश दिए गए।
बिल्हा में भी मिलीं कमियां
बिल्हा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में 10 व्याख्याताओं में से 8 उपस्थित मिले। हालांकि, निरीक्षण के दौरान संकुल शैक्षिक समन्वयक के नियमित रूप से अध्यापन नहीं करने की बात सामने आई।

वहीं शारीरिक शिक्षा शिक्षक आशीष लहरे की नियमित उपस्थिति भी नहीं मिली। इस पर स्कूल के प्राचार्य चंद्रमान ठाकुर को नोटिस जारी किया गया।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
हरदी में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर नाराजगी
शासकीय प्राथमिक शाला हरदी के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। इस पर संबंधित प्रधान पाठक शुक्ला और भोजन तैयार करने वाले समूह को चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन मिल सके।
संलग्नीकरण पर कार्रवाई के निर्देश
पूर्व माध्यमिक शाला हरदी में पदस्थ भृत्य कृष्ण कुमार के संलग्नीकरण का मामला भी निरीक्षण के दौरान सामने आया। संयुक्त संचालक ने इसकी जानकारी सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित कर्मचारी को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए।
हिर्री स्कूल में व्यवस्था मिली संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री में व्यवस्था अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई। यहां पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाएं ठीक मिलीं।
शिक्षा विभाग के इस औचक निरीक्षण से स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और नियमित अध्यापन को लेकर सख्ती का संकेत मिला है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक होने के बावजूद कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं होना गंभीर लापरवाही है और ऐसी स्थिति में संबंधित जिम्मेदारों से जवाब मांगा जाएगा।









