Korea News: 3.13 करोड़ का नया पुल पहली बारिश में क्षतिग्रस्त, बहा अप्रोच रोड, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

0
20

कोरिया (बैकुंठपुर)। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 3 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित नया पुल लगातार दो दिनों की बारिश भी नहीं झेल सका। बारिश के बाद पुल का साइड शोल्डर और अप्रोच रोड का हिस्सा बह गया, जबकि पुल के जॉइंट्स पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दो साल पुराना पुल हुआ क्षतिग्रस्त

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुल करीब दो वर्ष पहले बनाया गया था। पहली बड़ी बारिश में ही इसकी स्थिति खराब हो गई है। वहीं, इसके ठीक बगल में मौजूद ब्रिटिश काल का पुराना पुल अब भी मजबूती से खड़ा है, जिसे लेकर लोग नए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

तकनीकी जांच की मांग

स्थानीय नागरिकों ने पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की जांच करने और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here