
बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक प्रार्थना सभा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित लायंस क्लब भवन के पास आयोजित सभा में हिंदू संगठनों ने कथित धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
धर्मांतरण का आरोप लगाकर किया विरोध
हिंदू संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा की आड़ में भोले-भाले हिंदू परिवारों, महिलाओं और बच्चों को बीमारी ठीक करने, बच्चों का स्कूल में प्रवेश दिलाने, नशे की लत छुड़ाने तथा अन्य समस्याओं के समाधान का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
संगठनों ने इसे सुनियोजित धर्मांतरण का प्रयास बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। पुलिस ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।











