Raigarh News: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला, 2 की मौत, एक की हालत गंभीर

0
29

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बंगुरसिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आई बाइक

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:45 बजे ओडिशा नंबर (OD 16 C 7859) के एक भारी वाहन के चालक ने कथित रूप से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि 20 वर्षीय प्रकाश राठिया की मौके पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में दूसरे युवक ने तोड़ा दम

घटना के बाद तीनों युवकों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 21 वर्षीय एक अन्य युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 21 वर्षीय ज्ञानचंद मिर्धा गंभीर रूप से घायल है। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

तमनार से रायगढ़ आ रहे थे युवक

बताया जा रहा है कि तीनों युवक तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई के निवासी हैं। वे किसी काम से रायगढ़ आ रहे थे, तभी बंगुरसिया के पास यह हादसा हो गया।

ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here