अंधविश्वास के नाम पर 5 लाख की ठगी: साधु बनकर लोगों को फंसाने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 6 आरोपी दबोचे

0
8

कांकेर। CG DASTAK 

जिले की बांदे पुलिस और साइबर सेल ने अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साधु का वेश धारण कर घर से गड़ा हुआ सोना निकालने और गंभीर बीमारियां दूर करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 96 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस की तत्परता से खुला गिरोह का राज

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पखांजूर) राकेश कुर्रे एवं एसडीओपी रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना बांदे पुलिस ने की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

महाराष्ट्र में दी दबिश, 6 आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों के महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर और गढ़चिरौली के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

नकदी और वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से ₹4,96,000 नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास, झाड़-फूंक, चमत्कार, घर से गड़ा हुआ सोना निकालने या बीमारी ठीक करने जैसे झांसों में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 94791-55125 हेल्पलाइन नंबर पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक वर्मा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक सूर्यदेव कुंजाम, आरक्षक यशवंत मंडावी, नरोत्तम कुलदीप तथा साइबर सेल से निरीक्षक यशवंत श्याम, प्रधान आरक्षक नारद सिंह देवांगन, आरक्षक जितेंद्र नाग और भूपेश नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here