रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

0
22

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और नारकोटिक्स से जुड़े मामलों सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

लंबे समय से था फरार

पुलिस के अनुसार, गौरव हेपट थाना डी.डी. नगर में दर्ज भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109(1) एवं 3(5) के एक मामले में घटना के बाद से लगातार फरार था। गंभीर लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गौरव हेपट कोतवाली थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स संबंधी अपराधों सहित 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here