
रायपुर/नई दिल्ली – भारत की प्रमुख रक्षा प्रणाली निर्माता कंपनी एनआईबीई लिमिटेड ने एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को इस्राइल की विश्वविख्यात प्रौद्योगिकी आधारित रक्षा कंपनी से करीब 150 करोड़ रुपये का निर्यात ऑर्डर प्राप्त हुआ है। यह अनुबंध भारत में निर्मित 300 किलोमीटर रेंज क्षमता वाले यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चर के निर्माण और आपूर्ति से जुड़ा है। इस प्रणाली को पहली बार वैश्विक बाजार के लिए भारत में तैयार किया जा रहा है, जो ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
एनआईबीई लिमिटेड के प्रवक्ता ने इस अवसर पर कहा, “यह हमारे लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और भारत के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है। यह अनुबंध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ विजन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
प्रवक्ता ने बताया कि यह यूनिवर्सल रॉकेट लॉन्चर अपनी श्रेणी में दुनिया की सबसे उन्नत प्रणालियों में से एक है, जिसे वैश्विक मानकों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसकी रेंज, सटीकता और बहुउपयोगिता इसे वर्तमान में मौजूद अंतरराष्ट्रीय विकल्पों से बेहतर बनाती है।
इस ऑर्डर के माध्यम से एनआईबीई लिमिटेड न केवल अपने वैश्विक विस्तार को मजबूत कर रही है, बल्कि यह भारत की रणनीतिक क्षमता और रक्षा उत्पादन में तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। अंतरराष्ट्रीय रक्षा कंपनियों के साथ सहयोग से भारत में ही विश्वस्तरीय समाधान विकसित किए जा रहे हैं, जो न केवल भारतीय सशस्त्र बलों को बल्कि अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को भी सशक्त बना रहे हैं।
यह डील आने वाले समय में भारत को दुनिया के प्रमुख रक्षा निर्यातकों की सूची में शामिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।










