CG News: जिला न्यायालय भवन की जमीन पर विवाद, आदिवासी समाज ने निर्माण रोकने की उठाई मांग

0
12

कोंडागांव। CG DASTAK 

कोंडागांव जिला मुख्यालय में प्रस्तावित जिला न्यायालय भवन के लिए चिन्हित भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। सर्व आदिवासी समाज और गोंडवाना समाज समन्वय समिति ने इस भूमि को पारंपरिक पेनस्थल (देवस्थल) और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व का स्थल बताते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

समिति ने एसडीएम के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा कि गोंडवाना भवन के पीछे स्थित यह भूमि वर्षों से समाज की आस्था, पूजा-पाठ और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों का केंद्र रही है। ऐसे में यहां न्यायालय भवन का निर्माण आदिवासी समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करेगा।

चर्चा के बिना निर्माण शुरू हुआ तो होगा आंदोलन

ज्ञापन में कहा गया है कि समाज से चर्चा और सहमति के बिना यदि निर्माण कार्य शुरू किया गया तो व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। समिति ने संविधान में प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक संरक्षण और संपत्ति संबंधी अधिकारों का हवाला देते हुए प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता बरतने की मांग की है।

समाज की प्रमुख मांगें

पेनस्थल एवं समाज की भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।

अंतिम निर्णय होने तक यथास्थिति बनाए रखी जाए।

भूमि से जुड़े सभी दस्तावेज, स्वीकृतियां और सीमांकन की जानकारी समाज को उपलब्ध कराई जाए।

समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

“यह पेन पुरखाओं की भूमि है” – आदिवासी समाज

सर्व आदिवासी समाज के कोंडागांव जिला अध्यक्ष पनकु राम नेताम ने कहा कि यह भूमि उनके पेन पुरखाओं की है और आदिकाल से यहां पूजा-अर्चना की जाती रही है। उन्होंने कहा कि न्यायालय भवन के लिए इस भूमि का उपयोग किए जाने का समाज पुरजोर विरोध करेगा।

प्रशासन ने क्या कहा?

एसडीएम अजय उरांव ने बताया कि संबंधित भूमि न्यायालय भवन निर्माण के लिए आवंटित की गई है। वहीं आदिवासी समाज ने इस स्थान को अपना पारंपरिक देवस्थल बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है। प्रशासन मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here