
रायपुर। CG DASTAK

राजधानी रायपुर के नकटी गांव में शुक्रवार को प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। एक दर्जन से अधिक मकानों को हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। इस दौरान गांव के बाहर पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
48 घंटे की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद पहुंचा प्रशासन
जानकारी के मुताबिक प्रशासन ने ग्रामीणों को 48 घंटे के भीतर मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय पूरा होने के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए गांव पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने रास्ता रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार विधायक कॉलोनी बनाने के लिए उन्हें उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल करना चाहती है। उनका कहना है कि भूमाफिया और रसूखदार लोगों की नजर उनकी जमीन पर है तथा उन्हें बेघर करने की साजिश रची जा रही है।
पिछले साल भी हुआ था विरोध
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष भी जिला प्रशासन ने सैकड़ों परिवारों को बेदखल करने का नोटिस जारी किया था। उस समय विरोध प्रदर्शन और आंदोलन के बाद कार्रवाई रोक दी गई थी। अब एक बार फिर बिना उचित पुनर्वास और मुआवजे के गांव खाली कराने की तैयारी की जा रही है।
पीएम आवास वाले मकानों पर भी कार्रवाई का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि जिस 37 एकड़ भूमि को चारागाह बताकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, वह उनके पूर्वजों द्वारा गांव की निस्तारी और पशुओं के उपयोग के लिए दान की गई थी। उनका आरोप है कि इसी जमीन पर शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक सहायता देकर पक्के मकान बनवाए थे, लेकिन अब उन्हीं मकानों को अवैध बताकर तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
1300 से अधिक आबादी प्रभावित होने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत नकटी की आमसभा ने इस प्रस्ताव पर पहले ही लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन प्रशासन ने उसे स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई होती है तो 1300 से अधिक आबादी प्रभावित होगी। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
नोट: प्रशासन और ग्रामीणों के अपने-अपने दावे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई और प्रशासनिक पक्ष का विस्तृत बयान सामने आना बाकी है।










