
सरगुजा। CG DASTAK

अंबिकापुर जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव गांव के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
चार साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले देवगढ़ निवासी सतीश यादव से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सीमा को उसके पति, देवर, सास और ससुर द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा
मायके पक्ष का आरोप है कि सीमा के शव पर मारपीट के निशान भी मिले हैं, जिससे उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि सीमा कई बार अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से उसे समझाकर वापस ससुराल भेज दिया जाता था।
प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम!
परिजनों के अनुसार, लगातार प्रताड़ना से तंग आकर सीमा ने गांव के पास स्थित एक विशाल पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति भी बन गई।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
घटना की सूचना मिलने पर उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फिलहाल मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।







