Crime News: मंगेतर ही निकली मास्टरमाइंड! केतन अग्रवाल मर्डर केस में सिया गोयल ने उगले चौंकाने वाले राज

0
18

पुणे। CG DASTAK 

पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित रूप से सुनियोजित साजिश के तहत हत्या को अंजाम दिया। पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच में सिया इस पूरी साजिश की कथित मास्टरमाइंड के रूप में सामने आई है।

सिया ने पूछताछ में किए अहम खुलासे

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने कई बार शादी से इनकार किया, लेकिन कथित तौर पर केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था। इसी कारण उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पहले भी किया गया था हत्या का प्रयास

पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, 14 जून को भी केतन की हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन वह पेड़ पकड़कर बच गया। इसके बाद 18 जून को दोबारा योजना बनाई गई और लोहागढ़ किले पर वारदात को अंजाम दिया गया।

पहले से तय था इशारा

पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने पहले से एक संकेत तय किया था। योजना के मुताबिक, जैसे ही सिया केतन के सामने झुकती, यह चेतन के लिए हमला करने का इशारा होता। 18 जून को कथित तौर पर इसी योजना के तहत चेतन ने केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।

हत्या के लिए बनाए थे तीन प्लान

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या के लिए तीन अलग-अलग योजनाएं तैयार की थीं। पहली बार 31 मई को लोहागढ़ किले पर जाकर कथित तौर पर घटना स्थल का चयन किया गया। 14 जून का प्रयास विफल होने के बाद 18 जून को दूसरी योजना लागू की गई। पुलिस के अनुसार, यदि यह भी सफल नहीं होती तो सड़क दुर्घटना के जरिए हत्या की तीसरी योजना तैयार थी।

परिवार था रिश्ते के खिलाफ

पूछताछ में सिया ने बताया कि उसका परिवार चेतन चौधरी से रिश्ते के खिलाफ था और आर्थिक रूप से संपन्न होने के कारण केतन अग्रवाल से शादी कराने का दबाव बना रहा था। इसी दबाव के चलते उसने यह कदम उठाने की बात कही।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों सहित अन्य सबूतों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here