
कोरबा। CG DASTAK

जिले में अवैध रेत तस्करी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से अवैध रूप से रेत लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), अमित कुमार और अन्य युवक ट्रैक्टर में रेत भरकर सोन नदी से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में ट्रैक्टर चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायलों के बयान दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध रेत उत्खनन पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार जारी है। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण अवैध रेत का खुलेआम परिवहन किया जा रहा है, जिससे इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।









