CG News: रायपुर में धर्मांतरण के आरोप में दो पास्टर गिरफ्तार, थाने पहुंचा ईसाई समाज, कार्रवाई का किया विरोध

0
10

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांठ में कथित धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पास्टर को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों की शिकायत पर हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई का विरोध जताया।

ग्रामीणों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार, ग्राम मांठ निवासी हेमंत मरावी, अरुण कुमार उइके और राकेश कुमार उइके ने खरोरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रायपुर निवासी पास्टर सुशांत ज्ञानिक और उनके सहयोगी पीयूष पटेल पिछले कुछ समय से गांव के आदिवासी मोहल्ले में जाकर लोगों को हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

विरोध के बावजूद जारी रहीं गतिविधियां

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार आरोपियों को ऐसी गतिविधियां बंद करने की समझाइश दी थी, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार गांव में आकर लोगों को प्रार्थना सभाओं में शामिल होने और धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते रहे।

प्रार्थना सभा के दौरान बढ़ा विवाद

शिकायत के अनुसार, 24 जून की शाम करीब 7 बजे दोनों आरोपी फिर ग्राम मांठ पहुंचे और आदिवासी मोहल्ले में लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की तथा ईसाई धर्म स्वीकार करने की बात कही। ग्रामीणों के विरोध के बाद विवाद की स्थिति बन गई और पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि मोहल्ले के एक घर में ईसाई धर्म से संबंधित प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पास्टर सुशांत ज्ञानिक और पीयूष पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 302, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ईसाई समाज ने जताया विरोध

दोनों पास्टर की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग विधानसभा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को गलत आरोपों पर आधारित बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here