CG News: ग्राम सभा में बवाल, उपसरपंच ने सरपंच पुत्र समेत कई लोगों पर मारपीट का लगाया आरोप

0
14

अभनपुर। CG DASTAK 

रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर शुरू हुई बहस कथित रूप से मारपीट तक पहुंच गई। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना गोबरा नवापारा में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच के पुत्र सहित कई लोगों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची पर चर्चा की जा रही थी। सूची में कुल 169 हितग्राहियों के नाम शामिल थे, लेकिन करीब 120 लोगों के नाम नहीं होने पर कुछ ग्रामीणों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाया।

बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर सभा में विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उपसरपंच का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और सरपंच पुत्र सहित कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

पुलिस से की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना गोबरा नवापारा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here