CG News: अपेक्स बैंक में 18.13 करोड़ का गबन, शाखा प्रबंधक समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त, EOW करेगी जांच

0
14

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में खुलासा हुआ कि अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच शाखा के कर्मचारियों ने समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) खातों में अनधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया। मामले में बैंक प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

समितियों और KCC खातों से हुआ करोड़ों का गबन

अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि बरमकेला शाखा (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) में कर्मचारियों ने समितियों के खातों को नामे कर डीएमआर खातों के माध्यम से नियम विरुद्ध ट्रांजेक्शन किए। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) खातों से भी अनधिकृत रूप से राशि का अंतरण किया गया, जिससे करीब 18.13 करोड़ रुपये का गबन हुआ।

शाखा प्रबंधक समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त

बैंक प्रबंधन ने विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच के बाद तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल शामिल हैं।

इसके अलावा आउटसोर्सिंग पर कार्यरत लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को भी नौकरी से हटा दिया गया है।

EOW करेगी मामले की जांच

बैंक प्रबंधन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। साथ ही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से जांच के लिए सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है और एजेंसी जल्द विस्तृत जांच शुरू करेगी। गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार राशि की वसूली भी की जाएगी।

सहकारी बैंकों में बढ़ेगी पारदर्शिता

केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि भविष्य में इस तरह की वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सहकारी बैंकों में नए सॉफ्टवेयर सिस्टम लागू किए गए हैं। ई-केसीसी पोर्टल के माध्यम से किसानों को ऋण वितरण में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। साथ ही निरीक्षण और ऑडिट व्यवस्था को भी और अधिक सख्त बनाया जा रहा है।

1451 समिति प्रबंधकों की भर्ती को मंजूरी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर सहकारिता विभाग ने अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में 1451 समिति प्रबंधक (नवीन संवर्ग) पदों पर भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी सेवाओं के विस्तार के लिए 515 नई पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

बैंक के मुनाफे में भी हुई बढ़ोतरी

अपेक्स बैंक के अनुसार वित्तीय अनुशासन और निगरानी मजबूत होने के बाद बैंक के लाभ में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 में बैंक का शुद्ध लाभ 38.99 करोड़ रुपये था, जो 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here