CG News: डिटर्जेंट फैक्ट्री की आड़ में चल रहा था अवैध गुटखा कारखाना, पुलिस ने भारी मात्रा में माल किया जब्त

0
17

News:दुर्ग। CG DASTAK 

दुर्ग जिले में पुलिस ने अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में तैयार गुटखा, मीठी सुपारी, कच्चा माल और मशीनें जब्त की हैं। यह कार्रवाई जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदुर गांव में की गई, जहां डिटर्जेंट पाउडर बनाने के नाम पर किराए के गोदाम में गुटखा तैयार किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा ने अपना गोदाम करीब 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद शान को किराए पर दिया था। किराएदार ने गोदाम में डिटर्जेंट पाउडर निर्माण का काम करने की बात कही थी, लेकिन कई दिनों तक उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। उसका मोबाइल लगातार बंद मिलने पर गोदाम मालिक को संदेह हुआ और उसने इसकी सूचना जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की तलाशी ली। जांच के दौरान वहां से 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग मशीन, मिक्सिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी) की टीम को भी मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गोदाम में अवैध रूप से जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जा रही थी।

फिलहाल बरामद सामग्री खाद्य सुरक्षा विभाग को सौंप दी गई है। पुलिस संबंधित आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here