
News:रायपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 राज्य में सुशासन और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से अब आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं और शिकायतों के समयबद्ध समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं
CG News: सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी सुशासन की नई पहचान, जनता और सरकार के बीच मजबूत हुआ भरोसे का सेतु

तकनीक से आसान हुई शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
सीएम हेल्पलाइन 1076 को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के साथ-साथ वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज कराने की सुविधा मिल रही है।
पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था

हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाती है, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकता है। यदि शिकायत का समाधान संतोषजनक नहीं होता तो उसे उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाता है। इससे शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण की व्यवस्था मजबूत हुई है।
42 विभाग और हजारों अधिकारी जुड़े

राज्य सरकार ने इस प्रणाली से 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारियों को जोड़ा है। शिकायतों को 1195 श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। विभागीय सचिवों और मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर नजर रखी जा रही है।
24 घंटे उपलब्ध सेवा
सीएम हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित होती है। तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती के कारण नागरिक किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से आपात परिस्थितियों में भी उपयोगी साबित हो रही है।
भूमि, बिजली, सड़क और पेंशन जैसी शिकायतों का समाधान
हेल्पलाइन पर भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन, सड़क, पेयजल, सफाई, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही जैसी शिकायतें बड़ी संख्या में दर्ज हो रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर सरकार विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
जनभागीदारी को भी मिल रहा बढ़ावा
सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं है, बल्कि नागरिकों को शासन की योजनाओं पर सुझाव और फीडबैक देने का अवसर भी प्रदान कर रही है। इससे नीति निर्माण और जनहित से जुड़े निर्णय अधिक प्रभावी बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उनका मानना है कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही वास्तविक सुशासन की पहचान है। राज्य सरकार का लक्ष्य सीएम हेल्पलाइन 1076 को भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाना है।










