CG News: बिलासपुर में महिलाओं से चैन स्नैचिंग करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, ओडिशा के बदमाशों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

0
15

News:बिलासपुर। CG DASTAK  

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ओडिशा से आए बदमाश स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर शहर में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले का खुलासा एसएसपी रजनेश सिंह ने किया।

पुलिस के अनुसार, तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लगातार महिलाओं से चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी सोने की चेन और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे, जिससे शहर में दहशत का माहौल था।

CCTV फुटेज से खुला गिरोह का राज

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि सभी वारदातों के पीछे एक ही संगठित गिरोह सक्रिय था। आरोपी ओडिशा से आकर स्थानीय सहयोगियों के घरों में ठहरते थे और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देकर वापस फरार हो जाते थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद कर ली है।

6 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में महिलाओं से लूट और चैन स्नैचिंग की तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गईं

पुलिस के अनुसार यह गिरोह विभिन्न राज्यों में संगठित तरीके से इस तरह की आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। इसी कारण आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here