CG News: जांजगीर में ISI से जुड़े संदिग्ध स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार, पाकिस्तान भेजता था संवेदनशील जानकारियां

0
18

जांजगीर-चांपा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पाकिस्तान समर्थित संदिग्ध स्लीपर सेल के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े संपर्कों के डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष) निवासी जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। वह अकलतरा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य

प्रारंभिक जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट, वीडियो कॉल, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

संवेदनशील जानकारियां भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों की जानकारी, लोकेशन तथा फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजता था। पुलिस पूरे संपर्क नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

टारगेट किलिंग की साजिश की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी को पाकिस्तान से हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दिए गए थे। प्रारंभिक जांच में ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन पहलुओं की विस्तृत जांच अभी जारी है।

फोरेंसिक जांच जारी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि बरामद डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here