CG News: सांसद रूप कुमारी चौधरी के सामने उठी रेल लाइन की मांग, देवभोग को धर्मगढ़ रेलवे से जोड़ने की मांग तेज

0
59

गरियाबंद। CG DASTAK 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर देवभोग पहुंचीं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी के समक्ष स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से लंबित रेल लाइन की मांग जोर-शोर से उठाई। नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुशील यादव के नेतृत्व में नगरवासियों ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर देवभोग को 14 किलोमीटर दूर धर्मगढ़ रेलवे स्टेशन से जोड़ने की मांग की।

इस दौरान सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि “पहले इस संबंध में किसी ने मांग नहीं रखी थी। अब आवेदन मिला है, तो इस रेल लाइन के विस्तार की मांग संबंधित स्तर पर अवश्य रखी जाएगी।”

वर्षों से रेल सुविधा से वंचित देवभोग

ओडिशा सीमा से लगे देवभोग क्षेत्र के आसपास के लोग वर्षों से रेल सुविधा की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर ओडिशा के लोग रेलवे सुविधा का लाभ ले रहे हैं, जबकि देवभोग और आसपास के ग्रामीण अब भी इससे वंचित हैं।

ओडिशा के सांसद पहले ही उठा चुके हैं मांग

गौरतलब है कि ओडिशा के राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार ने 8 मई को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राजिम से धर्मगढ़ रेल लाइन की मांग रखी थी। प्रस्तावित रेल लाइन गरियाबंद के देवभोग क्षेत्र से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के समानांतर गुजरने की बात कही गई है।

15 साल पुरानी है मांग

देवभोग-धर्मगढ़ रेल लाइन की मांग नई नहीं है। पूर्व सांसद चंदूलाल साहू और चुन्नीलाल साहू भी इस परियोजना को संसद में उठा चुके हैं। वर्ष 2012 में रेल लाइन का सर्वे भी कराया गया था, लेकिन अभयारण्य क्षेत्र और संभावित आय का हवाला देकर परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया गया।

दोबारा सर्वे कराने की मांग

रेल परियोजना के जानकारों का मानना है कि यदि नए सिरे से रहवासी क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सर्वे कराया जाए और वन क्षेत्र में आधुनिक सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए, तो यह परियोजना व्यवहारिक हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेल लाइन के बनने से देवभोग सहित पूरे सीमावर्ती क्षेत्र के विकास, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी।

अब क्षेत्रवासियों की नजर सांसद और केंद्र सरकार की अगली पहल पर टिकी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here