बिलासपुर में धर्मांतरण का आरोप: प्रार्थना सभा के दौरान ईसाई धर्म अपनाने का प्रलोभन देने की शिकायत, 3 पर मामला दर्ज

0
99

बिलासपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बार फिर धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरा में रविवार को आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर मालिक सहित अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रार्थना सभा में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता सुमित यादव को सूचना मिली थी कि ग्राम मोहरा में राम स्वरूप सूर्यवंशी अपने घर के आंगन में टीन शेड के नीचे प्रार्थना सभा आयोजित कर रहे हैं। आरोप है कि सभा में ईसाई धर्म का प्रचार करते हुए लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

सूचना मिलने पर सुमित यादव अपने साथियों धीरज भोई, सुभाष साहू और शुभांशू भोई के साथ मौके पर पहुंचे। वहां राम स्वरूप सूर्यवंशी, जितेंद्र सूर्यवंशी और बिलासपुर निवासी पंकज कुमार करियारे मौजूद मिले।

बेहतर सुविधाएं और इलाज का दिया जा रहा था लालच

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोगों को ईसाई धर्म अपनाने पर बेहतर सुविधाएं, अच्छे घर में शादी और मुफ्त इलाज जैसी बातें कही जा रही थीं। मौके पर बाइबल और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई।

धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज

सीपत थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here