
सराईपाली। खाद्य तेल एवं राशन सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सराईपाली में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित यह प्रदर्शन सराईपाली स्थित शुभम के मार्ट के सामने किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा आम जनता को राहत देने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती खाद्य तेल, दाल, चावल, गैस एवं अन्य आवश्यक राशन सामग्री की कीमतों ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, जिससे आमजन परेशान हैं।
इस अवसर पर सराईपाली की लोकप्रिय विधायक चातुरी नंद विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। लगातार बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर, किसान एवं मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनता के हित में संघर्ष जारी रहेगा।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि खाद्य तेल एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से महिलाओं एवं गृहिणियों को घर चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को जल्द से जल्द महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सराईपाली (शहर) के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। खाद्य तेल, राशन सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी और जब तक महंगाई कम नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई कम करने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की। कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










