समर्था सेवा समिति ने मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन

0
16

एमसीबी/चिरमिरी।

जिला एमसीबी के चिरमिरी क्षेत्र स्थित कोरिया कॉलरी के सामुदायिक भवन में समर्था सेवा समिति के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंदिरा मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, वहीं श्रीमती शशिकला श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। समर्था सेवा समिति की महिलाओं ने अतिथियों का फूल-माला, शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।

महिलाओं की एकजुटता समाज के लिए प्रेरणादायक – डिप्टी कलेक्टर

मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा ने समर्था सेवा समिति की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाओं का एकजुट होकर समाज के लिए कार्य करना और सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ना बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और जिम्मेदारी के बल पर आगे बढ़ रही हैं और किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर महिलाएं स्वयं और समाज के विकास के लिए उनका लाभ उठाएं।

समाज निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका – शशिकला श्रीवास्तव

विशिष्ट अतिथि श्रीमती शशिकला श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि समर्था सेवा समिति की महिलाओं ने इस आयोजन को सफल बनाकर अपनी मेहनत, लगन और अटल इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि जो महिला सकारात्मक सोच रखती है, वही अच्छे परिवार, अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

समाज की सोच में बदलाव जरूरी – रीता आइच

समर्था सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रीता आइच ने कहा कि महिलाओं की प्रगति के लिए केवल योजनाएं ही नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव भी जरूरी है। महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, तभी एक सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव होता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास करते रहें।

ये सदस्य रहीं उपस्थित

कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष रीता आइच के साथ कंचन जायसवाल, कजरी श्रीवास्तव, सविता सिंह, शिखा श्रीवास्तव, अपर्णा पाल, किरण जोहल, उषा शिवहरे, कंचन ठाकुर, बरनाली भट्टाचार्य, उर्मिला, कमला सोनवानी, सुमिला बाक्सल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here