कोरबा में हाथी का कहर: उपार्जन केंद्र में सो रहे मंडी प्रभारी को कुचलकर मार डाला, पत्नी ने भागकर बचाई जान

0
43

कोरबा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कुदमुरा उपार्जन केंद्र में देर रात एक जंगली हाथी के हमले में मंडी प्रभारी राजेश कुमार की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

धान की रखवाली के लिए झोपड़ी बनाकर रह रहे थे

जानकारी के अनुसार घटना कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र की है। बताया जा रहा है कि उपार्जन केंद्र में लगातार धान चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसी कारण मंडी प्रभारी राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

देर रात हाथी ने किया हमला

बुधवार देर रात करीब 2 बजे एक जंगली हाथी उपार्जन केंद्र परिसर में घुस आया। हाथी ने पहले झोपड़ी को क्षतिग्रस्त किया और अंदर सो रहे राजेश कुमार पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी ने भागकर बचाई जान

घटना के दौरान राजेश कुमार की पत्नी किसी तरह वहां से भागने में सफल रही और पास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

वन विभाग जांच में जुटा

मृतक राजेश कुमार रजगामार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग रात में बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here