रायपुर ग्रामीण में होली पर खून-खराबा: 3 हत्याएं और चाकूबाजी से दहला इलाका, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल रायपुर।

0
100

राजधानी रायपुर में होली का पर्व जहां शहर में शांतिपूर्वक मनाया गया, वहीं रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हत्या और हिंसा की घटनाओं ने माहौल को दहला दिया। आरंग, खरोरा, बरबंदा और तिल्दा क्षेत्रों में तीन हत्याएं और चाकूबाजी की वारदात सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि होली से एक दिन पहले ही रायपुर ग्रामीण पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला था, लेकिन इसके बावजूद हिंसक घटनाएं सामने आने से पुलिस के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।

आरंग: नीरज लोधी की नृशंस हत्या

आरंग के साहू पारा में होली का उत्सव उस वक्त मातम में बदल गया जब कुछ हुड़दंगी युवकों ने 18 वर्षीय नीरज लोधी की चाकू मारकर हत्या कर दी। नीरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

जानकारी के मुताबिक नीरज अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर घूमने निकला था। इसी दौरान साहू पारा में मौजूद युवकों ने उसे रोककर बाइक से नीचे गिरा दिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। नीरज के साथ मौजूद उसके दोनों दोस्त किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

प्राथमिक जांच में नीरज के शरीर पर तीन गहरे चाकू के घाव और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है, जबकि आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

खरोरा: मोहित निषाद की हत्या

खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में भी होली के दिन एक और हत्या की घटना सामने आई। यहां 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

बरबंदा: पुरानी रंजिश में दिनेश विश्वकर्मा की हत्या

बरबंदा क्षेत्र में दिनेश विश्वकर्मा की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

तिल्दा: चाकूबाजी में युवक घायल

तिल्दा क्षेत्र में होली के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ग्रामीणों में आक्रोश, बढ़ाई गई सुरक्षा

रंगों और खुशियों का पर्व मानी जाने वाली होली इस बार रायपुर ग्रामीण में हिंसा और हत्याओं के कारण मातम में बदल गई। लगातार हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रायपुर ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here