
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार 33 वर्षीय मोहम्मद इरफान कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार घायल हो गया। हादसा 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे निपनिया केशला स्थित महावीर पेट्रोल पंप के सामने हुआ। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गलत दिशा से आ रहे हाईवा ने मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हाईवा क्रमांक CG 10 BH 7085 बिल्हा मोड़ की ओर से आ रहा था। आरोप है कि चालक रामशरण श्रीवास गलत दिशा में वाहन चला रहा था। इसी दौरान निपनिया केशला में महावीर पेट्रोल पंप के सामने हाईवा ने स्कूटी और एक बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी सवार मोहम्मद इरफान कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद वाहन छोड़कर भागा चालक
घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक इरफान बिल्हा के आमापारा वार्ड नंबर 12 के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।

महावीर पेट्रोल पंप के ऑपरेटर दुर्गा प्रसाद राजपूत ने भी परिजनों को बताया कि हाईवा की टक्कर से हादसा हुआ था और चालक वाहन छोड़कर भाग गया था।
बिल्हा पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
बिल्हा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 55/2026 के तहत जांच शुरू की। प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आकाश बंजारे की जांच के आधार पर हाईवा चालक रामशरण श्रीवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
CG Dastak | छत्तीसगढ़ की खबर, आप तक।
🌐 https://www.cgdastak.com









