
कोरबा | CG DASTAK
कोरबा जिले के एसईसीएल गेवरा खदान क्षेत्र में शनिवार को दो गुटों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया। केसीपीएल और केके इंटरप्राइजेज के कर्मचारियों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट और हाथापाई में तब्दील हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

लात-घूंसे चले, सुरक्षाकर्मी भी नहीं बचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के कर्मचारियों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। झड़प को रोकने के लिए मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद इतना उग्र था कि वे भी हाथापाई की चपेट में आ गए। इस घटना से खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय सूत्रों और कर्मचारियों का आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन की उदासीनता के कारण खदान क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि पहले खदान परिसर में सीसीटीवी निगरानी और सख्त कार्रवाई की व्यवस्था थी। मारपीट या अनुशासनहीनता की स्थिति में संबंधित कंपनियों पर जांच के बाद कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि ब्लैकलिस्ट भी की जाती थी।
लेकिन अब यह व्यवस्था कमजोर पड़ती दिख रही है, जिससे कर्मचारियों में कार्रवाई का डर खत्म होता जा रहा है।
“बड़ा हादसा हो सकता है” – कर्मचारियों की चेतावनी
कर्मचारियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो खदान परिसर में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी एसईसीएल प्रबंधन को दे दी गई है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक बयान या ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










