बारनवापारा वन क्षेत्र में फिर हाथियों का आतंक, खेत में रखवाली कर रहे बुजुर्ग की हाथी के हमले से मौत

0
164

बलौदा बाजार। बारनवापारा वन क्षेत्र में एक बार फिर हाथियों का आतंक देखने को मिला है। गांव हरदी में खेत की रखवाली कर रहे 68 वर्षीय बुजुर्ग कनकुराम की हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना दीपावली के शुभ अवसर पर हुई, जिससे पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में करीब 28 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जिनमें से कुछ हाथी अक्सर अपने दल से अलग होकर गांवों की ओर भटक जाते हैं। बताया जा रहा है कि कनकुराम अपने खेत की रखवाली कर रहे थे, तभी एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

परिवार में मातम, दीपावली की खुशियां बनीं गमगीन

दीपावली जैसे पर्व के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के बीच शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को नियंत्रित करने की मांग की है।

वन विभाग की तत्परता और सहायता

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा बाजार वन मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में समय-समय पर हाथियों के मूवमेंट की सूचना और मुनादी कराई जाती है। बावजूद इसके, सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, इसकी जांच की जाएगी।

स्थानीय लोगों में डर का माहौल

लगातार हाथियों के हमलों से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात्रि के समय खेतों में अकेले न जाएं और हाथियों के झुंड के करीब जाने से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here