
रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 111 से अधिक बदमाशों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक दर्जन से अधिक चाकू, कैंची और करीब 20 किलो वजनी लोहे के ‘कड़े’ बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, 8-9 सितंबर 2025 की दरम्यानी रात झांकियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपराधियों, गुण्डा-बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की गई। उपद्रव मचाने वाले 100 से अधिक बदमाशों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में जेल भेजा गया।
हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपी
झांकी व आसपास के इलाकों में अवैध रूप से चाकू, कैंची और हथियार लेकर घूम रहे 10 से अधिक आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्यवाही की गई।
थाना मौदहापारा पुलिस ने झांकी के दौरान चोरी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
भीड़ में ‘कड़े’ से हमला
पुलिस ने बताया कि कुछ बदमाश झांकी की भीड़ में अपने हाथों में पहने भारी लोहे के कड़े से लोगों के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर रहे थे। पुलिस टीम ने ऐसे हजारों लोगों की पहचान कर उनके हाथों से करीब 20 किलो वजनी कड़े उतरवाकर जब्त किए।
नाबालिग भी पहुंचे पुलिस के हत्थे
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 10 से अधिक नाबालिग भी पकड़े गए। पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी और समझाइश के बाद नाबालिगों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर अभियान जारी रहेगा।
—










