
दुर्ग, छत्तीसगढ़ – शुक्रवार को शहर के प्रतिष्ठित सहेली ज्वेलर्स के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है। अधिकारियों की टीम ने संचालकों से पूछताछ शुरू कर दी है और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल डाटा को जब्त किया गया है। सहेली ज्वेलर्स लंबे समय से शहर में एक जाना-माना नाम रहा है, और इस छापेमारी से व्यापार जगत में खलबली मच गई है।
इसी क्रम में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए IPS अधिकारी अभिषेक पल्लव के निवास पर भी जांच एजेंसियों की टीम पहुंची है। यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े मनी ट्रेल और संलिप्तता के संदेह के आधार पर की जा रही है। अधिकारियों की टीम ने निवास की तलाशी ली और कई दस्तावेजों को खंगाला है।
गौरतलब है कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद राज्य में ईडी की यह पहली बड़ी रेड मानी जा रही है। इससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि जांच एजेंसियां अब राज्य के मनी लॉन्ड्रिंग मामलों पर सख्त रुख अपना रही हैं।
राजनीतिक हलकों में भी इस कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है, और आगे और भी बड़े नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
—










