
CG दस्तक | खेल समाचार
अजय मंडल की 66 रन की पारी और विकल्प तिवारी की तूफानी बल्लेबाजी से छत्तीसगढ़ ने 198 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल किया।
रायपुर। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। 14 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने उत्तराखंड को 5 विकेट से हरा दिया। 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बना लिए।
इस जीत के हीरो अजय मंडल और कप्तान विकल्प तिवारी रहे। अजय मंडल ने 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कप्तान विकल्प तिवारी ने महज 17 गेंदों में 50 रन बनाकर मुकाबले का रुख छत्तीसगढ़ की ओर मोड़ दिया।
उत्तराखंड ने बनाए थे 197 रन
टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए।
उत्तराखंड की ओर से अवनीश सुधा ने 48 रन बनाकर नाबाद रहे। जगदीश सुचित ने 46 रन की पारी खेली। वहीं, जयसवाल और युवराज चौधरी ने 26-26 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ की ओर से शुभम अग्रवाल ने 2 विकेट हासिल किए। सौरभ मजूमदार और संदीप वारियर को 1-1 विकेट मिला।
अजय मंडल ने बनाए 66 रन, विकल्प तिवारी का तूफानी अर्धशतक
198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम को अजय मंडल ने शानदार बल्लेबाजी से जीत की राह दिखाई। उन्होंने 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
वहीं कप्तान विकल्प तिवारी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 50 रन ठोक दिए। राहुल प्रधान ने 25 रन बनाए, जबकि शशांक चंद्राकर 20 रन बनाकर नाबाद रहे।
उत्तराखंड की ओर से आकाश मधवाल और अनिवेश ने 2-2 विकेट हासिल किए।
9 गेंद शेष रहते छत्तीसगढ़ ने जीता मुकाबला
छत्तीसगढ़ ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह टीम ने 9 गेंद शेष रहते 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जीत के साथ शुरुआत की।









