रायपुर में सहेली बनकर दिया धोखा! सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की जज बताकर 1.88 लाख रुपये ऐंठने का आरोप

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। खमतराई थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय निजी शिक्षिका आरजू शर्मा ने अपनी बचपन की सहेली पूजा सिंह पर करीब 1.88 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पूजा ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर पीड़िता का भरोसा जीता। इतना ही नहीं, पुलिस अधिकारियों से पहचान और बड़े वकीलों के जरिए मामला सुलझाने का झांसा देकर भी पैसे मांगे।

पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत FIR दर्ज की है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेयी कर रहे हैं।

स्कूल की दोस्ती का उठाया फायदा

शिकायत के मुताबिक, खमतराई निवासी आरजू शर्मा (24) निजी शिक्षिका हैं। उनकी पहचान पूजा सिंह से बचपन से थी। दोनों डैजल पब्लिक स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़ी थीं। बाद में इंस्टाग्राम के जरिए भी दोनों का संपर्क बना रहा।

अप्रैल 2025 में पूजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काले कोट और बैंड में तस्वीरें पोस्ट की थीं। उसने खुद को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की वकील बताया था। आरजू ने उसे कई बार रायपुर कोर्ट में वकीलों और क्लाइंट्स के साथ वकील की पोशाक में देखा था। इसी वजह से उसे पूजा की बातों पर भरोसा हो गया।

भाई का पारिवारिक विवाद सुलझाने का दिया भरोसा

आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ की प्राची शर्मा से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया। प्राची ने आदित्य, आरजू और उनकी मां के खिलाफ प्रताड़ना और क्रूरता की शिकायत दर्ज कराई थी।

इससे परेशान होकर आरजू ने पूजा से कानूनी मदद मांगी। आरोप है कि पूजा ने छत्तीसगढ़ के बड़े पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से पहचान होने की बात कही और भरोसा दिलाया कि वह अपने संपर्कों के जरिए मामला आसानी से सुलझा देगी।

जज बनने का दावा कर मांगे पैसे

शिकायत के अनुसार, सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा ने आरजू को फोन कर बताया कि वह दिल्ली से रायपुर आ रही है। 13 सितंबर को आरजू ने उसे यात्रा खर्च के लिए ऑनलाइन 5 हजार रुपये भेजे।

रायपुर पहुंचने के बाद पूजा ने बताया कि उसका राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन हो गया है और वह ट्रेनिंग पर है। इसलिए नियमों के मुताबिक खुद केस नहीं लड़ सकती। उसने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से मामला लड़वाने की बात कही।

14 सितंबर को पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास आरजू की मुलाकात कराई गई।

पुलिस अधिकारी के नाम पर भी मांगे पैसे

पीड़िता के मुताबिक, 16 सितंबर को पूजा ने बताया कि मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से उसकी बात हो गई है। अधिकारी केस खत्म कराने और परिवार के खिलाफ FIR नहीं होने देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए 2 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं।

इसके अलावा पूजा ने अपनी और वकील की फीस के नाम पर 50 हजार रुपये भी मांगे।

शिकायत के अनुसार, आरजू ने वकील के गूगल-पे खाते में 15 हजार और पूजा के खाते में 5 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरजू ने करीब 1.5 लाख रुपये जुटाकर पूजा को नकद दे दिए।

चौकी के बाहर QR कोड भेजकर मांगे 18 हजार

आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे पूजा, आरजू और उसका भाई मोहला-मानपुर चौकी पहुंचे। पूजा पुलिस अधिकारी से बात करने के नाम पर अंदर गई। कुछ देर बाद उसने आरजू को QR कोड भेजकर प्राची शर्मा और उसके परिचितों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने के लिए 18 हजार रुपये भेजने को कहा।

आरजू ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद पूजा ने कहा कि काम हो गया है और CDR मिलने के बाद मामला खत्म हो जाएगा।

दोस्त से मिली जानकारी, तब खुली पोल

कुछ दिन बाद आरजू को पूजा की एक परिचित से जानकारी मिली कि उसने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसके बाद आरजू ने अधिवक्ता अमानत उल्ला खान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पूजा उनसे पैसे वापस ले चुकी है और उनके पास केवल 5 हजार रुपये बचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पूजा की आईडी और सर्टिफिकेट कभी नहीं देखे।

इस बीच पूजा ने फैमिली कोर्ट में याचिका लगाने के नाम पर 50 हजार रुपये और मांगे। आरजू और उसके भाई को शक हुआ तो उन्होंने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

नया iPhone खरीदने का भी लगाया आरोप

आरजू ने शिकायत में बताया कि 16 सितंबर को पैसे देने के बाद जब वह मोहला-मानपुर चौकी जाने के लिए निकली, तब पूजा नया iPhone लेकर आई और बताया कि उसने अभी-अभी फोन खरीदा है। पीड़िता का आरोप है कि यह फोन उसकी मेहनत की कमाई से खरीदा गया था।

पैसे वापस मांगे तो झूठे केस में फंसाने की धमकी

आरजू के मुताबिक, 3 अक्टूबर को वह पूजा के घर पैसे वापस मांगने पहुंची। आरोप है कि वहां पूजा ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि वह सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज है तथा अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ झूठी FIR दर्ज करा सकती है।

इसके बाद आरजू ने 4 अक्टूबर को खमतराई थाने में लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here