रायपुर डेंटल कॉलेज में 29 पद खाली, 22 साल से नहीं हुई नियमित भर्ती; नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने CM साय को लिखा पत्र

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। यहां सहायक प्राध्यापक और व्याख्याता के कुल 29 पद रिक्त हो चुके हैं। इन पदों पर पिछले 22 वर्षों से नियमित भर्ती नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने खाली पदों पर तत्काल नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

2003 में हुई थी कॉलेज की स्थापना

डॉ. चरणदास महंत ने अपने पत्र में बताया कि प्रदेश के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 2003 में हुई थी। उस समय यहां कुल 44 पद स्वीकृत किए गए थे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जबकि 18 पद खाली रह गए थे।

पत्र के मुताबिक, वर्ष 2004 में नियुक्त किए गए 26 सहायक प्राध्यापकों और व्याख्याताओं में से वर्तमान में केवल 15 ही नियमित पदों पर कार्यरत हैं। इस तरह कॉलेज में कुल 29 पद रिक्त हो चुके हैं।

22 साल से नियमित भर्ती नहीं होने का मुद्दा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लंबे समय से इन पदों पर नियमित नियुक्तियां नहीं होने के कारण कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी का असर पढ़ाई, शोध कार्य और अस्पताल की ओपीडी पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को बेहतर दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री से तत्काल भर्ती शुरू कराने की मांग

डॉ. महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि वर्ष 2004 से रिक्त पड़े सहायक प्राध्यापक और व्याख्याता के पदों पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) अथवा चिकित्सा शिक्षा विभाग के माध्यम से नियमित भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए जाएं।

उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि खाली पदों पर भर्ती होने से कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्य और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।

अब देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष के पत्र के बाद राज्य सरकार और संबंधित विभाग इन रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here