महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी; सौरभ चंद्राकर को ED ने किया गिरफ्तार

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर CBI ने पिछले दिनों छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले। जांच एजेंसी ने मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि सट्टे से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी।

ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर

CBI के मुताबिक, महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड ली गई।

12 नवंबर 2026 को CBI की रिमांड पूरी होने के बाद उसे विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था।

इसके बाद ED ने भी शुक्रवार को सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया और सात दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर लिया। मामले में अलग-अलग एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी

CBI ने जिन शहरों में कार्रवाई की, उनमें छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले। CBI ने मौके पर ही इन गतिविधियों को बंद कराया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित जरूरी दस्तावेज जब्त किए।

किराए के बैंक खातों से विदेश भेजी जाती थी रकम

जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप का संचालन विदेश में बैठे लोगों के जरिए किया जाता था। भारत में बड़े नेटवर्क के माध्यम से सट्टा पैनल चलाए जाते थे।

पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते और उनसे सट्टे की रकम वसूलते थे। इस रकम को दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों या किराए पर लिए गए खातों में जमा कराया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी।

इनपुट के आधार पर खुल रहे नेटवर्क के तार

CBI को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान ऐप के संचालन के तरीके और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क की जानकारी मिली। इसी इनपुट के आधार पर अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की गई।

जांच एजेंसी अब विदेश में बैठे अन्य आरोपियों, सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों से कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक खाता और सिम किराए पर देने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी

जांच एजेंसियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा और जुआ गैरकानूनी है। किसी दूसरे व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज देना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

खाताधारकों के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और उनकी भूमिका सामने आने की संभावना है।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here