
रायपुर, 6 जुलाई 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर से ट्रेन के जरिए सरगुजा के लिए रवाना हुए। वे अंबिकापुर तक की यात्रा रेल मार्ग से कर रहे हैं। इस यात्रा में उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ट्रेन यात्रा को लेकर खासे उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि, “ट्रेन की यात्रा हमेशा स्मृतियों को ताजा कर देती है। यह आमजन से जुड़ने का माध्यम भी है।”
मुख्यमंत्री का यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में भाग लेने के लिए हो रहा है, जो कि सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में आयोजित हो रहा है। 7 जुलाई से 9 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
शिविर में भाजपा के सभी विधायक, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों के साथ-साथ संगठन के राष्ट्रीय नेता, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं मोर्चा संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता भी शिरकत करेंगे। इसे आगामी राजनीतिक दिशा और रणनीति तय करने वाला अहम शिविर माना जा रहा है।
चिंतन शिविर को लेकर मैनपाट में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। मैनपाट को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और शिविर में शामिल होने वाले नेताओं के लिए विभिन्न रिसॉर्ट्स में लग्जरी रूम्स की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
मैनपाट को ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहा जाता है, और इसी प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल पर भाजपा अपने संगठन और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर मंथन करने जा रही है। इस शिविर के दौरान कई अहम राजनीतिक घोषणाएं, संगठनात्मक दिशा निर्देश और प्रदेश की भावी रणनीति तय किए जाने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस शिविर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संदेश भी प्रसारित किया जा सकता है। ऐसे में यह शिविर भाजपा के लिए न सिर्फ आत्ममंथन का माध्यम होगा, बल्कि कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच संवाद को सशक्त करने का मंच भी बनेगा।










