कोरबा में दशहरा मैदान के पीछे युवक की चाकू मारकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

0

कोरबा। CG DASTAK 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान चाकूबाजी की घटना में 22 वर्षीय राहुल कुमार की मौत हो गई। घटना 20 अक्टूबर की रात मुड़ापार दशहरा मैदान में हुई, जहां डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ गोल्डन और बिट्टू चौहान के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई।

आरोप है कि विवाद के बाद बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके साथियों ने राहुल को मैदान के पीछे वाली गली में ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया। राहुल के शरीर पर चाकू से 6 से 7 वार किए जाने की बात सामने आई है।

अस्पताल में इलाज के दौरान राहुल की मौत

हमले में गंभीर रूप से घायल राहुल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दशहरा कार्यक्रम के दौरान हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल रहा।

लाइव वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

ASP लखन पटले के मुताबिक, मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त

पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।

CG Dastak | छत्तीसगढ़ की खबर, आप तक।

🌐 https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here