रायगढ़ में लूट की दो वारदातों से दहशत, ट्रेलर चालक से 3 हजार और बाइक सवार से 64 हजार का आईफोन लूटकर फरार हुए बदमाश

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लूट की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर लौट रहे एक ट्रेलर चालक को रास्ते में रोककर मारपीट की गई और चाकू दिखाकर 5 हजार रुपये की मांग की गई। वहीं, दूसरी घटना में बाइक सवार युवक से 64 हजार रुपये कीमत का आईफोन छीनकर तीन आरोपी फरार हो गए। दोनों मामलों में घरघोड़ा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेलर चालक को रास्ते में रोककर की मारपीट

पहली घटना में बिहार के महेशडीह गांव निवासी रंजीत कुमार सिंह (33) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रंजीत ट्रेलर चलाने का काम करता है और पिछले 15 दिनों से खरसिया निवासी ट्रांसपोर्टर अंकित अग्रवाल का ट्रेलर चला रहा था।

रंजीत के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे वह फील्ड कॉल वाशरी, नवापारा टेंडा से ट्रेलर में कोयला लोड कर इंडिगो कंपनी में खाली करने जा रहा था। उसका साथी चालक रामाशंकर पासवान भी अपने ट्रेलर में कोयला लेकर आगे चल रहा था।

रात करीब 2 बजे घरघोड़ा-छाल रोड पर बोरीपारा के पास रंजीत ने देखा कि काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक उसका पीछा कर रहे हैं। डर के कारण उसने ट्रेलर की रफ्तार बढ़ा दी और फोन कर अपने साथी चालक को इसकी जानकारी दी।

रास्ता रोककर चाकू दिखाया, बेल्ट से पीटा

शिकायत के अनुसार, घरघोड़ा बाइपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के सामने तीनों युवकों ने ओवरटेक कर बाइक ट्रेलर के सामने खड़ी कर दी। ट्रेलर रुकने पर दो युवक केबिन में चढ़ गए। आरोप है कि उन्होंने चाकू दिखाकर रंजीत को डराया और बेल्ट से मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए 5 हजार रुपये मांगे। रंजीत ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी उसके मोबाइल और वाहन खर्च के लिए रखे 3 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

बाइक सवार से 64 हजार रुपये का आईफोन छीना

लूट की दूसरी घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई। टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 9 बजे बाइक से घर लौट रहा था। घरघोड़ा-धरमजयगढ़ रोड पर बंगाली ढाबे के सामने काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक सूरज का करीब 64 हजार रुपये कीमत का आईफोन छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी रायगढ़ रोड की ओर भाग गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

आईफोन लूट की घटना के बाद सूरज डर के कारण घर चला गया। अगले दिन उसने आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने घरघोड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

ट्रेलर चालक रंजीत की शिकायत पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दोनों घटनाओं में शामिल अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए जांच की जा रही है।

CG Dastak पर पढ़ें छत्तीसगढ़ की ताजा खबरें: www.cgdastak.com

नोट: दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच पुलिस कर रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here