
गरियाबंद। CG DASTAK
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री में 2.5 किलोग्राम वजन की टिफिन IED, चार UBGL राउंड, कोडेक्स वायर, खाली खोखे, दवाइयां और रोजमर्रा के उपयोग का सामान शामिल है।

कुल्हाड़ीघाट और आसपास के जंगलों में चला सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में नक्सल डंप की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस संयुक्त अभियान में CRPF की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की टीमें शामिल थीं।

अभियान के दौरान गोवरमुंडा में एक पुलिया के नजदीक संदिग्ध सामग्री मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। जांच के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा
संभावित खतरे को देखते हुए CRPF के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया। बरामद सामग्री में 2.5 किलोग्राम की एक टिफिन IED, चार UBGL राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां और दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए टिफिन IED और चारों UBGL राउंड को घटनास्थल पर नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। इससे विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया।
नक्सल विरोधी अभियान जारी
छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत जंगलों में छिपाकर रखी गई सामग्री और पुराने डंप की तलाश जारी है। CRPF की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
CG Dastak — छत्तीसगढ़ की खबरें, आपके साथ।
🌐 https://www.cgdastak.com









