रायपुर में रेस्टोरेंट कर्मचारी से मारपीट का आरोप, नौकरी छोड़ने की बात पर हुआ विवाद; पुलिस ने दर्ज की FIR

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। राजधानी रायपुर में नौकरी छोड़ने और कैश का हिसाब करने की बात पर एक रेस्टोरेंट कर्मचारी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। कर्मचारी ने रेस्टोरेंट मालिक और मैनेजर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैश के हिसाब को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, घटना 18 अक्टूबर की देर रात करीब 1:40 बजे की है। कर्मचारी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र के बंधवर गांव का निवासी बताया गया है। वह रायपुर के गुलाटी बाय एमपीएस किचन रेस्टोरेंट में कैशियर के पद पर काम करता था।

कर्मचारी का आरोप है कि उसने रेस्टोरेंट मालिक विशाल गुलाटी से कैश का हिसाब करने को कहा था। साथ ही उसने अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आने की बात भी कही थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

गाली देने से मना किया तो मारपीट का आरोप

पीड़ित के अनुसार, मालिक ने मैनेजर पारस टंडन को बुलाया और उसे ऑफिस में ले जाने के लिए कहा। कर्मचारी का आरोप है कि वहां नौकरी छोड़ने की बात पर उसे कथित तौर पर अश्लील गालियां दी गईं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।

कर्मचारी ने बताया कि मारपीट में उसके गाल, गले और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में काम करने वाले अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। पीड़ित ने पुलिस से दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

CG Dastak — हर खबर, सीधा सच!

🌐 https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here