रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट; 4 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कमी और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर विभाग ने करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र की न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी तथा पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने में भी लापरवाही पाई गई।

150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव में कमियां मिलने पर विभागीय टीम ने मौके पर ही करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

साथ ही साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खोवा, पनीर और मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे

खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी

विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

निरीक्षण टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई के दौरान उपायुक्त आशीष यादव, अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज, संतोष ध्रुव और डोमेनद्र ध्रुव मौजूद रहे।

विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच की जाएगी।

CG Dastak — हर खबर, सीधा सच!

पूरी खबर पढ़ें: https://www.cgdastak.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here