
सरायपाली। विगत कुछ दिनों से नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। रात्रि अथवा तड़के सुबह चोर छोटी-मोटी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल जा रहे हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों एवं व्यवसायियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों की चिंता इस बात को लेकर भी बढ़ रही है कि यदि इन छोटी-मोटी चोरियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में यही घटनाएं बड़ी वारदातों का रूप ले सकती हैं।
थाना के सामने से स्कूटी चोरी
शहर में चोरी की घटनाओं के बीच सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि चोर पुलिस थाने के आसपास भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व थाना के सामने से ही एक स्कूटी वाहन चोरी होने की घटना सामने आई थी।
इसके अलावा बीते कुछ दिनों से चोर दुकानों के सामने रखे छोटे-मोटे सामानों को भी निशाना बना रहे हैं। विशेष रूप से कब्रिस्तान मार्केट के आसपास स्थित दुकानों में इस तरह की घटनाओं की चर्चा है।
वहीं शहर से बाहर कुटेला रोड क्षेत्र में भी बीते दिनों एक मकान के सामने से बिजली से संबंधित कुछ सामान चोरी होने की बात सामने आई है। कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की घटनाओं में महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां भी दिखाई देने की बात कही जा रही है।
छोटी चोरियों पर कार्रवाई की जरूरत
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चोरी की छोटी-छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता है। लोगों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई होने से बड़ी घटनाओं पर भी रोक लगाई जा सकती है।
लगातार हो रही घटनाओं के कारण स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में पुलिस प्रशासन की सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
संदिग्ध विक्षिप्तों की बढ़ती संख्या से भी चिंता
बीते कुछ महीनों से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में मानसिक रूप से अस्वस्थ अथवा संदिग्ध अवस्था में घूमने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की बात भी सामने आ रही है। कुछ ऐसे लोग भी नजर आ रहे हैं, जिनका व्यवहार सामान्य दिखाई देता है, जबकि उनका रहन-सहन और पहनावा अलग नजर आता है।
मुख्य मार्ग पर ग्राम बैतारी एवं चट्टीगिरोला के आसपास सड़क किनारे खाली पड़े दुकानों और मकानों में कुछ संदिग्ध लोगों के रहने की जानकारी से आसपास के रहवासियों में भी भय मिश्रित चिंता का माहौल है।
हालांकि किसी व्यक्ति की केवल वेशभूषा या व्यवहार के आधार पर उसे किसी अपराध से जोड़ना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा पहचान एवं सत्यापन किया जाना आवश्यक है।
रात्रि गश्त और चेकिंग बढ़ाने की मांग
चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए नागरिकों एवं व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने, सीसीटीवी फुटेज की निगरानी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से न केवल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा, बल्कि शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत होगा।









