डोंगरगढ़ में SBI ATM तोड़कर चोरी की कोशिश, CCTV कैमरा तोड़ा फिर हथौड़ी-छीनी से मशीन पर वार; आरोपी गिरफ्तार

0

डोंगरगढ़। CG DASTAK 

बस स्टैंड के ATM बूथ में आधी रात घुसा युवक, स्थानीय लोगों की सतर्कता से रकम चोरी होने से पहले पकड़ा गया; पुलिस जांच में जुटी

डोंगरगढ़। शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड के SBI ATM बूथ में चोरी की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक युवक ATM बूथ में घुसा और पहले CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसने हथौड़ी और छीनी की मदद से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, आरोपी अपने मंसूबे में कामयाब हो पाता, उससे पहले ही आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ATM में चोरी की कोशिश करने वाला आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था।

पहले CCTV कैमरे को बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुआ था। बूथ में पहुंचते ही उसने सबसे पहले वहां लगे CCTV कैमरे को निशाना बनाया, ताकि उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें।

इसके बाद आरोपी ने हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के उस हिस्से पर लगातार वार करना शुरू किया, जहां से मशीन का कवर और दरवाजा खुलता है। वार करने से ATM का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों को ATM बूथ में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम भी वहां पहुंच गई।

रेलवे स्टेशन से लौट रहे SBI कर्मचारी की भी पड़ी नजर

घटना के दौरान स्थानीय निवासी और SBI कर्मचारी अंजल निगम भी अपने रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बस स्टैंड स्थित ATM बूथ की ओर गई।

अंजल के मुताबिक, ATM के पास कुछ स्थानीय लोग पहले से मौजूद थे और उन्होंने एक संदिग्ध युवक को पकड़ रखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

SDOP ने बताया- आरोपी के पास मिली हथौड़ी और छीनी

डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के मुताबिक, रात में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जांच के दौरान उसके पास छीनी और हथौड़ी मिली। आरोपी ने ATM के कवर वाले हिस्से को तोड़ दिया था।

पुलिस टीम ने उसे मौके से पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में उसकी पहचान सेवाराम वर्मा, निवासी अंडी के रूप में हुई है।

SDOP के अनुसार, आरोपी उस समय नशे की हालत में था, जिसके चलते वह ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। पुलिस द्वारा सुबह से उससे पूछताछ की जा रही है।

रकम चोरी होने से पहले पकड़ा गया आरोपी

इस पूरे मामले में राहत की बात यह रही कि ATM की मशीन को नुकसान पहुंचाने के बावजूद आरोपी उसमें रखी रकम तक पहुंचने में सफल नहीं हो सका। स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस पेट्रोलिंग के चलते उसे समय रहते पकड़ लिया गया।

हालांकि, इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। शहर के व्यस्त बस स्टैंड इलाके में आधी रात एक युवक हथौड़ी-छीनी लेकर ATM बूथ तक पहुंच गया और CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाने के बाद मशीन तोड़ने की कोशिश करता रहा।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वारदात को अकेले अंजाम देने की कोशिश की थी या उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति अथवा गिरोह की भूमिका है। साथ ही पुलिस आरोपी की गतिविधियों और उसके पिछले रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा सकती है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here