
कांकेर/पखांजूर, CG DASTAK
कांकेर के PV-27 हृदयपुर में जनचौपाल से सुलझा विवाद, कुछ माह पहले भूमि विवाद में हो चुका था खूनी संघर्ष
कांकेर/पखांजूर, 10 सितंबर 2026। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम PV-27 हृदयपुर में पुलिस और प्रशासन की पहल से करीब 20 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस जनसंवाद एवं चौपाल कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों की समस्याएं और उनका पक्ष सुनने के बाद ग्रामीणों की सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।

बताया गया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर गांव में लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। इस विवाद के कारण गांव में दो गुट बन गए थे। कुछ माह पहले इसी भूमि विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत भी हो गई थी। इसके बाद गांव में तनाव और शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी।
जनचौपाल में दोनों पक्षों की सुनी गई बात
पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार जनसंवाद और चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में PV-27 हृदयपुर के काली मंदिर मैदान में जनचौपाल का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुमार कुर्रे, एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे, एसडीएम राजस्व मनीष देव साहू और तहसीलदार पखांजूर केतन भुआर्य समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में दोनों पक्षों की समस्याओं और उनके दावों को अधिकारियों, सामाजिक प्रतिनिधियों तथा गांव के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में विस्तार से सुना गया।
मंदिर को लेकर बनी सर्वसम्मति
ग्रामीणों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद इस बात पर सहमति बनी कि शासकीय भूमि पर स्थित मंदिर किसी निजी व्यक्ति की संपत्ति नहीं होगा, बल्कि ग्राम का सार्वजनिक मंदिर रहेगा।
वहीं, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए एक घर को ग्रामीणों द्वारा तत्काल ताला लगाकर ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक इस पहल से लंबे समय से चले आ रहे विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
खूनी संघर्ष के बाद शांति की पहल
भूमि विवाद को लेकर पहले हो चुके खूनी संघर्ष के बाद पुलिस और प्रशासन के सामने गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखना बड़ी चुनौती थी। ऐसे में जनसंवाद के माध्यम से दोनों पक्षों को साथ बैठाकर उनकी बात सुनना और सहमति से समाधान की दिशा में आगे बढ़ना अहम माना जा रहा है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी विवाद को हिंसा का रूप न दें और कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संवाद एवं वैधानिक प्रक्रिया के जरिए समस्याओं का समाधान करें।
करीब 300 ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में राजस्व निरीक्षक शुभंकर मालाकार, पटवारी नंद किशोर शोरी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक पीपल कंवर, अमीन, सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक उत्तम कुमार मंडल सहित पुलिस बल, पत्रकारगण और ग्राम PV-27 हृदयपुर के करीब 300 महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।
कांकेर पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। इसके लिए पुलिस अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









