पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे नहीं रहे, मेकाहारा के डॉक्टर ने बताया निधन का कारण

0
1243

रायपुर। देश के जाने-माने हास्य कवि और पद्मश्री सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उन्हें एक्यूट हार्ट अटैक के बाद मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया था। उनके इलाज में लगे वरिष्ठ हार्ट सर्जन डॉ. स्मित श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि डॉ. दुबे को लगातार तीन कार्डिएक अरेस्ट आए, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डॉ. श्रीवास्तव के मुताबिक, “गुरुवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्हें मेकाहारा लाया गया था। जांच में पाया गया कि उनकी मुख्य हृदय धमनी 100% बंद थी और दूसरी धमनी 90% बंद थी। हमने मुख्य नस की एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक की और उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी हालत कुछ स्थिर हो गई थी।”

उन्होंने आगे बताया कि डॉ. दुबे को मानसिक शांति के लिए शुक्रवार सुबह वार्ड में शिफ्ट किया गया ताकि वे परिवार के साथ कुछ वक्त बिता सकें। लेकिन वार्ड में भी वे काफी बेचैन और विचलित रहे। कुछ ही देर बाद उन्हें फिर से सीने में तकलीफ हुई और वे गिर गए। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें तत्काल रिवाइव करने का प्रयास किया लेकिन दूसरी और तीसरी बार कार्डियक अरेस्ट आने से उनका निधन हो गया।

कल होगा अंतिम संस्कार

डॉ. सुरेंद्र दुबे का अंतिम संस्कार शुक्रवार को रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को आज अशोका रत्न स्थित निवास में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इस दौरान प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास समेत देशभर के कई नामचीन कवि रायपुर पहुंचेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

छत्तीसगढ़ और हिंदी साहित्य जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है। हास्य और व्यंग्य की दुनिया को अपनी विलक्षण शैली से नई ऊंचाइयां देने वाले डॉ. दुबे का जाना पूरे देश के लिए दुखद समाचार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here